‘अप्सरा जैसी बीवी और जन्नत की हूर’ की चाह में दरिंदगी, दूसरे बच्चे की बलि का भी था प्लान; पशु हत्या के बाद पत्नी ने दे दिया था तलाक
पाली के सोजत क्षेत्र में 11 वर्षीय मासूम की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी शेरू खान को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में तांत्रिक के उकसावे और नर बलि की बात सामने आ रही है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
राजस्थान के पाली जिले के सोजत क्षेत्र में एक 11 वर्षीय मासूम की हत्या के मामले ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। पुलिस ने इस जघन्य वारदात के मुख्य आरोपी शेरू खान मोयला को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में तांत्रिक गतिविधियों और अंधविश्वास से जुड़ा एक गंभीर एंगल सामने आया है।
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
पुलिस ने आरोपी को घटना के कुछ घंटों बाद ही हिरासत में ले लिया था और बाद में गहन पूछताछ के बाद शुक्रवार देर रात उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी लगातार अपने बयान बदल रहा है, लेकिन उसने कुछ अहम खुलासे किए हैं जिनकी जांच की जा रही है।
नर बलि और तांत्रिक कनेक्शन का दावा
आरोपी ने पूछताछ में दावा किया है कि वह तांत्रिकों और मौलवियों के संपर्क में था, जिन्होंने उसे अंधविश्वास के तहत नर बलि देने के लिए उकसाया था। उसका कहना है कि उसे यह विश्वास दिलाया गया था कि इस तरह की क्रिया से उसे “बेहतर जीवन और इच्छित जीवनसाथी” प्राप्त हो सकता है। हालांकि पुलिस इस दावे की स्वतंत्र रूप से जांच कर रही है और संबंधित लोगों की पहचान की कोशिश की जा रही है।