सफाई कर्मचारियों के मुद्दे पर धरने पर बैठे मंत्री संजय शर्मा, टीकाराम जूली का तंज- 'राजस्थान में अफसरशाही हावी
अलवर नगर निगम में सफाई कर्मचारियों के नियुक्ति पत्र को लेकर वन मंत्री संजय शर्मा अपनी ही सरकार के प्रशासन के खिलाफ धरने पर बैठ गए हैं। इस घटनाक्रम पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जब मंत्री की ही नहीं सुनी जा रही, तो आम जनता कहां जाएगी?
राजस्थान की भजनलाल सरकार के वन राज्य मंत्री संजय शर्मा के अपनी ही सरकार और प्रशासन के खिलाफ धरने पर बैठने के बाद प्रदेश की राजनीति में हड़कंप मच गया है। अलवर नगर निगम में सफाई कर्मचारियों के नियुक्ति पत्रों को लेकर चल रहे विवाद के बीच मंत्री संजय शर्मा खुद निगम परिसर में धरने पर बैठ गए हैं।
इस घटनाक्रम के सामने आते ही विपक्षी दल कांग्रेस पूरी तरह से हमलावर हो गई है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राज्य सरकार और नौकरशाही पर तीखे जुबानी तीर चलाए हैं।
अलवर नगर निगम में वर्ष 2012 की सफाई कर्मचारी भर्ती के तहत चयनित 69 अभ्यर्थियों को काफी समय से नियुक्ति पत्र नहीं मिल पाए थे। मंत्री संजय शर्मा के अनुसार, उच्च न्यायालय के निर्देशों के बाद स्थानीय निकाय विभाग (DLB) और शासन स्तर पर वार्ता कर 69 पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देने का निर्णय लिया गया था।