शपथ ग्रहण में देरी से बढ़ी बेचैनी! TVK कार्यकर्ता ने खुद को लगाई आग, आज शाम सरकार गठन पर आ सकता है बड़ा फैसला
तमिलनाडु में विजय के शपथ ग्रहण को लेकर जारी अनिश्चितता के बीच TVK के एक पदाधिकारी ने आत्मदाह का प्रयास कर लिया। घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ गई है, जबकि सरकार गठन को लेकर सस्पेंस अब भी बना हुआ है।
तमिलनाडु की राजनीति में सरकार गठन को लेकर जारी सस्पेंस के बीच एक बेहद चौंकाने वाली और दुखद घटना सामने आई है। अभिनेता से राजनेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के एक पदाधिकारी ने कथित तौर पर मानसिक तनाव में आकर आत्मदाह का प्रयास कर लिया। घटना तिरुनेलवेली जिले के चेट्टीकुलम क्षेत्र के पास स्थित एक गांव की बताई जा रही है। इस घटना ने राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच भी चिंता बढ़ा दी है।
शपथ ग्रहण में देरी से परेशान था पदाधिकारी
जानकारी के अनुसार 47 वर्षीय इसक्कियप्पन TVK के वल्लियूर यूनियन स्वयंसेवक विंग के उप सचिव हैं। बताया जा रहा है कि वह लगातार इस बात को लेकर तनाव में थे कि पार्टी प्रमुख विजय का शपथ ग्रहण समारोह आखिर कब होगा और सरकार गठन को लेकर इतनी अनिश्चितता क्यों बनी हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक इसक्कियप्पन पार्टी की राजनीतिक स्थिति को लेकर काफी भावुक थे और पिछले कुछ दिनों से मानसिक दबाव में नजर आ रहे थे।
आत्मदाह का प्रयास, हालत गंभीर
बताया जा रहा है कि इसक्कियप्पन ने खुद को आग लगा ली। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वह काफी झुलस चुके थे।उन्हें तुरंत असरपल्लम सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि वह करीब 30 प्रतिशत तक झुलस गए हैं। फिलहाल उनका इलाज ICU में चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।