RPSC सीनियर टीचर भर्ती में 886 पद घटे: अब 9,651 पदों पर होगी भर्ती, 12 जुलाई से तय कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा
राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने सीनियर टीचर भर्ती-2026 में 886 पद कम कर दिए हैं।
राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने सीनियर टीचर भर्ती-2026 में पदों की संख्या में संशोधन करते हुए 886 पद कम कर दिए हैं। अब यह भर्ती 10,537 के बजाय 9,651 पदों पर आयोजित की जाएगी। आयोग ने इस संबंध में संशोधित शुद्धि-पत्र जारी कर दिया है। हालांकि, 12 से 18 जुलाई 2026 तक प्रस्तावित परीक्षा अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होगी।
इस भर्ती परीक्षा के लिए 12 लाख 30 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि विज्ञापन की अन्य सभी शर्तें पूर्ववत लागू रहेंगी। संशोधित पदों की जानकारी और शुद्धि-पत्र आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिया गया है।
हाईकोर्ट में सुनवाई के बाद लिया गया फैसला
राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर खंडपीठ में परीक्षा स्थगित करने और आवेदन प्रक्रिया दोबारा शुरू करने की मांग को लेकर दायर याचिकाओं पर सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान आयोग के सचिव ने अदालत को बताया कि भर्ती नियमों के अनुसार मूल विज्ञापित पदों में अधिकतम 50 प्रतिशत तक ही वृद्धि की जा सकती है।