बासनी थाने में पूछताछ के दौरान युवक ने उठाया खौफनाक कदम, जहर खाने के बाद एम्स में हुई मौत..
जोधपुर के बासनी थाने में महिला के लापता होने के मामले में पूछताछ के लिए बुलाए गए युवक अमृत वैष्णव (30) ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर उसे एम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जोधपुर। शहर के बासनी थाना क्षेत्र में एक युवक की थाने में तबीयत बिगड़ने के बाद मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि महिला के लापता होने से जुड़े मामले में पूछताछ के लिए बुलाए गए युवक ने थाने में ही जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना के बाद पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया और युवक को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान अमृत वैष्णव (30) निवासी जोधपुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, एक महिला के गायब होने के मामले की जांच के दौरान पुलिस ने युवक को पूछताछ के लिए बुलाया था। थाने में पूछताछ के दौरान ही युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी हालत अचानक बिगड़ गई।
पुलिस ने आनन-फानन में युवक को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत में उसे जोधपुर एम्स हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन और परिचित एम्स अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली।