राजस्थान पंचायत चुनाव पर बड़ा अपडेट: 31 जुलाई तक मतदान संभव नहीं, आयोग ने बताई वजह
राजस्थान में पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव 31 जुलाई तक कराना संभव नहीं होगा।
राजस्थान में पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों को लेकर बड़ा प्रशासनिक अपडेट सामने आया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट कर दिया है कि 31 जुलाई 2026 तक पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव कराना संभव नहीं है। आयोग ने पंचायती राज विभाग को पत्र लिखकर कहा है कि आरक्षण निर्धारण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी चुनाव संपन्न कराने में कम से कम 90 दिन का समय लगेगा।
दरअसल, राजस्थान हाईकोर्ट ने 22 मई को अपने आदेश में राज्य निर्वाचन आयोग को 31 जुलाई तक पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव कराने के निर्देश दिए थे। लेकिन अब तक ओबीसी आरक्षण सहित विभिन्न वर्गों के आरक्षण का निर्धारण नहीं हो सका है, जिसके चलते चुनाव प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई है।
OBC आरक्षण रिपोर्ट का इंतजार
पंचायती राज विभाग ने निर्वाचन आयोग को भेजे पत्र में बताया कि ओबीसी आयोग 14 अगस्त 2026 तक अपनी आरक्षण संबंधी रिपोर्ट सौंपेगा। इसके बाद राज्य सरकार 31 अगस्त तक एससी, एसटी, ओबीसी और महिला वर्ग के लिए आरक्षण निर्धारण की प्रक्रिया पूरी करेगी।