डिग्गी कल्याणजी की 61वीं लक्खी पदयात्रा जयपुर से रवाना: भजनों की धुन पर झूमे श्रद्धालु, चौड़ा रास्ता से सांगानेर तक लगे विशाल भंडारे
जयपुर के ताड़केश्वर महादेव मंदिर से डिग्गी कल्याणजी की 61वीं लक्खी पदयात्रा मंगलवार को गाजे-बाजे के साथ रवाना हुई। 5 दिन में 75 किमी का सफर तय कर श्रद्धालु 22 अगस्त को डिग्गीपुरी पहुंचेंगे। यात्रा मार्ग में जगह-जगह भंडारे और स्वागत टेंट लगाए गए हैं, वहीं ट्रैफिक पुलिस ने टोंक रोड पर विशेष रूट डायवर्जन किया है।
राजधानी जयपुर से भगवान श्री डिग्गी कल्याणजी महाराज की 61वीं लक्खी पदयात्रा मंगलवार सुबह विधिवत पूजा-अर्चना के बाद रवाना हुई। चौड़ा रास्ता स्थित आराध्य श्री ताड़केश्वर महादेव मंदिर से मुख्य केसरिया ध्वज (निशान) की पूजा के बाद संत-महंतों ने झंडी दिखाकर पदयात्रियों को रवाना किया। 'कल्याण धणी' के जयकारों के साथ हजारों श्रद्धालु 5 दिनों में लगभग 75 किलोमीटर का पैदल सफर तय कर 22 अगस्त को टोंक जिले के डिग्गीपुरी पहुंचेंगे।
झांकियों के साथ भजनों पर थिरकते निकले भक्त
पदयात्रा में भगवान भोलेनाथ, संकटमोचन हनुमान सहित कई देवी-देवताओं की सजीव झांकियां सजाई गई हैं। डीजे और ढोल-नगाड़ों की थाप पर महिला-पुरुष श्रद्धालु भजनों पर नाचते-गाते आगे बढ़ रहे हैं। कई श्रद्धालु जमीन पर कनक-दंडवत (पेट पलायन) करते हुए आस्था की कठिन परीक्षा दे रहे हैं।