पेपर लीक के ‘मगरमच्छ’ नहीं पकड़े तो बड़ा फैसला लूंगा-किरोड़ी लाल मीणा; नकली बीज मामले में सुई की नोक बराबर भी संबंध मिला तो छोड़ दूंगा मंत्री पद
राजस्थान के कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने नकली बीज मामले में अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यदि उनका किसी भी तरह से संबंध साबित हुआ तो वे मंत्री पद छोड़ देंगे।
राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने नकली बीज मामले को लेकर अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने साफ कहा कि यदि इस मामले में उनका "सुई की नोक के बराबर" भी लेना-देना पाया गया तो वे तुरंत मंत्री पद छोड़ देंगे।
अलवर में केंद्र सरकार के 12 साल के विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी के अवलोकन के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि नकली बीज मामले में करीब-करीब कार्रवाई हो चुकी है, लेकिन अभी भी कुछ आरोपी बच गए हैं जिन पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
डॉ. मीणा ने कहा कि रीट, आरएएस, एसआई और पेपर लीक मामलों में शामिल “बड़े मगरमच्छों” की गिरफ्तारी होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इन मामलों में संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़ा कदम उठा सकते हैं, जिसकी घोषणा बाद में करेंगे।