मिट्टी को बंजर होने से बचाने की तैयारी, खेत बचाओ अभियान को लेकर किरोड़ी मीणा की बैठक
राजस्थान में खेत बचाओ अभियान के तहत कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने किसानों से अपने खेत के 25 प्रतिशत हिस्से में जैविक खेती अपनाने की अपील की है।
जयपुर में देशभर में चल रहे “खेत बचाओ अभियान” के तहत राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने किसानों और जनप्रतिनिधियों से बड़ा आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि सभी किसान अपने खेत के कम से कम 25 प्रतिशत हिस्से में जैविक खेती अपनाएं, ताकि भूमि की गुणवत्ता और उर्वरक क्षमता को लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सके।
मिट्टी बचाने पर जोर
कृषि मंत्री ने चेतावनी दी कि रासायनिक खादों के अत्यधिक उपयोग से आने वाले वर्षों में जमीन की उर्वरक क्षमता प्रभावित हो सकती है। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो कई क्षेत्रों की भूमि बंजर होने की स्थिति में पहुंच सकती है।
उन्होंने कहा कि खेत को बचाने के लिए मृदा स्वास्थ्य परीक्षण (Soil Health Test) और संतुलित पोषक प्रबंधन बेहद जरूरी है।