सूरतगढ़ में ई-बाइक शोरूम में भीषण आग: 26 स्कूटियां जलकर राख, लाखों का नुकसान... शॉर्ट सर्किट की आशंका
श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ में करणी माता मंदिर के पास स्थित एक ई-बाइक शोरूम में भीषण आग लगने से 26 ई-स्कूटियां, बैटरियां, स्पेयर पार्ट्स और अन्य सामान जलकर राख हो गया।
श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ कस्बे में मंगलवार सुबह एक ई-बाइक शोरूम में भीषण आग लगने से लाखों रुपए का नुकसान हो गया। करणी माता मंदिर के पास स्थित वर्मा इलेक्ट्रिक मोटर्स में लगी आग ने कुछ ही मिनटों में पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 26 ई-स्कूटियां समेत बैटरियां, स्पेयर पार्ट्स, रिपेयरिंग मशीनें और अन्य सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे पड़ोसी दुकानदार अनिल मुंजाल अपनी ट्रांसपोर्ट कंपनी खोलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शोरूम के शटर के नीचे से धुआं निकलते देखा। उन्होंने तुरंत शोरूम मालिक महेंद्र कुमार वर्मा को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही महेंद्र कुमार अपने बेटों प्रवीण कुमार और राजकुमार के साथ मौके पर पहुंचे। जैसे ही शटर खोला गया, अंदर खड़ी ई-स्कूटियां और अन्य सामान धू-धू कर जलता मिला। इसके बाद तत्काल नगर पालिका की दमकल टीम को सूचना दी गई।