भाटी vs रावणा: ‘धमकी’ के आरोपों से गरमाई मारवाड़ की सियासत, गायक ने जताई सुरक्षा की चिंता
बाड़मेर-जैसलमेर क्षेत्र में भजन गायक छोटू सिंह रावणा और शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी के बीच विवाद ने तूल पकड़ लिया है। सोशल मीडिया पर एक बच्चे के वीडियो से शुरू हुआ मामला तब बढ़ गया जब रावणा ने कमेंट किया। इसके बाद रावणा ने आरोप लगाया कि भाटी ने फोन पर उन्हें धमकाया और कड़ा रुख अपनाने की चेतावनी दी। गायक ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है, जबकि विधायक की प्रतिक्रिया का इंतजार है।
मारवाड़ की सरजमीं से एक ऐसा विवाद सामने आया है, जिसने राजनीति और सामाजिक जगत दोनों में हलचल मचा दी है। बाड़मेर-जैसलमेर क्षेत्र में चर्चित भजन गायक छोटू सिंह रावणा और शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी के बीच शुरू हुआ विवाद अब गंभीर आरोप-प्रत्यारोप की जंग में बदल चुका है।
दरअसल, इस पूरे विवाद की शुरुआत सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो से हुई। वीडियो में एक बच्चा कथित तौर पर पत्थर के “फोन” से विधायक रविंद्र सिंह भाटी को कॉल करता नजर आता है। यह वीडियो भाटी तक पहुंचा, जिसके बाद उन्होंने बच्चे से बातचीत भी की।लेकिन इसी बीच एक कैंसर पीड़ित बच्चे का मामला सामने आया, जिसने कई दिनों तक विधायक से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। इस बच्चे ने अपनी बात सोशल मीडिया के जरिए सामने रखी।
यहीं से विवाद ने नया मोड़ लिया। भजन गायक छोटू सिंह रावणा ने उस बच्चे के वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा “बेटा आप रील स्टार होते तो सारे नेता आपके पास होते”यह टिप्पणी तेजी से वायरल हुई और मामला सीधे विधायक तक पहुंच गया।