RPSC SI Re-Exam 2026: 2021 भर्ती के सभी अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका, 8 से 22 जुलाई तक आवेदन अपडेट करें
आरपीएससी ने एसआई भर्ती-2021 की 20 सितंबर 2026 को होने वाली री-एग्जाम के लिए बड़ा फैसला लिया है।
राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने उप निरीक्षक (SI) भर्ती-2021 की री-एग्जाम को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा की है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि वर्ष 2021 की भर्ती में ऑनलाइन आवेदन करने वाले सभी अभ्यर्थियों को 20 सितंबर 2026 को प्रस्तावित री-एग्जाम में शामिल होने का अवसर दिया जाएगा। इसके लिए उम्मीदवारों को 8 जुलाई से 22 जुलाई 2026 तक अपने आवेदन में आवश्यक जानकारी अपडेट करनी होगी।
हालांकि, आयोग ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों ने 8 मई 2026 को जारी प्रेस नोट के अनुसार पहले ही आवेदन अपडेट कर दिया है, उन्हें दोबारा संशोधन करने की आवश्यकता नहीं होगी।
आवेदन अपडेट करने से पहले पूरी करनी होगी KYC
आयोग के अनुसार आवेदन संशोधित करने से पहले अभ्यर्थियों को अपने वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) में KYC प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके तहत लाइव फोटो, अंगूठे का निशान और हस्ताक्षर अपलोड करना अनिवार्य रहेगा।