राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े से मिले सरपंच हिंदूसिंह तामलोर, सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास और तामलोर स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की उठाई मांग
बाड़मेर की तामलोर ग्राम पंचायत के सरपंच एवं जिला सरपंच संघ अध्यक्ष हिंदूसिंह तामलोर ने राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े से मुलाकात कर सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास, वाइब्रेंट विलेज योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, तामलोर रेलवे स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव और 33/11 केवी जीएसएस की स्थापना सहित कई महत्वपूर्ण मांगों का ज्ञापन सौंपा।
भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे बाड़मेर जिले की ग्राम पंचायत तामलोर के युवा सरपंच एवं बाड़मेर जिला सरपंच संघ अध्यक्ष हिंदूसिंह तामलोर ने राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े से शिष्टाचार मुलाकात कर सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने तामलोर और आसपास के सीमांत गांवों की समस्याओं, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक विस्तृत मांग पत्र राज्यपाल को सौंपा।
मुलाकात के दौरान हिंदूसिंह तामलोर ने कहा कि सीमा से जुड़े गांव केवल देश की अंतिम बसाहट नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा की पहली पंक्ति हैं। ऐसे क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, संचार और डिजिटल कनेक्टिविटी जैसी सुविधाओं का विस्तार राष्ट्रीय प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए।
उन्होंने केंद्र सरकार की वाइब्रेंट विलेज योजना को तामलोर और आसपास के सीमावर्ती गांवों में अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग करते हुए कहा कि इससे ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और सीमावर्ती इलाकों से पलायन पर भी रोक लगेगी। उनका कहना था कि रोजगार और आधुनिक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होने से लोग अपने गांवों में रहकर सीमा क्षेत्र को आबाद और सुरक्षित बनाए रख सकेंगे।