कीचड़ भरे रास्ते पर तीन साल से मजबूर स्कूली बच्चे: पालवास रोड पर जलभराव की समस्या बरकरार, ग्रामीणों ने दी सड़क जाम करने की चेतावनी
सीकर के पालवास गांव जाने वाली सड़क पर पिछले 3 साल से बारिश में भयंकर जलभराव रहता है। स्कूली बच्चे जूते हाथ में लेकर कीचड़ से होकर स्कूल जाते हैं। ग्रामीणों ने कई बार शिकायत की लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। अब ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जल्द स्थायी हल नहीं निकला तो सड़क जाम कर देंगे।
सीकर (राजस्थान)। शहर से सटे पालवास गांव को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर पिछले करीब तीन वर्षों से जलभराव और कीचड़ की गंभीर समस्या बनी हुई है। बारिश के मौसम में तो हालात और भी बदतर हो जाते हैं। सड़क पर जगह-जगह एक फीट तक पानी जमा हो जाता है, जिससे पूरा रास्ता कीचड़ में तब्दील हो जाता है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है जो इसी रास्ते से रोजाना सरकारी स्कूल आना-जाना करते हैं।
बच्चे जूते हाथ में लेकर जाते हैं स्कूल स्थानीय लोगों ने बताया कि छोटे-छोटे बच्चे स्कूल यूनिफॉर्म पहने, बैग कंधे पर टांगे, जूते-मोजे हाथ में पकड़े और पैरों में कीचड़ लगाए रोजाना इस रास्ते से गुजरते हैं। कई बार तो बच्चे फिसलकर गिर भी जाते हैं। अभिभावकों का कहना है कि इस कीचड़ भरे रास्ते की वजह से बच्चों को कई तरह की त्वचा संबंधी बीमारियां भी हो रही हैं।
एक स्थानीय महिला ने बताया, “तीन साल हो गए। हर बारिश में यही हाल है। बच्चे सुबह स्कूल जाते हैं तो जूते गंदे हो जाते हैं, फिर शाम को लौटते वक्त फिर वही हाल। हमने कितनी ही बार PWD और जिला कलेक्टर को शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।”