राजस्थान में फर्जी कॉलेज का पर्दाफाश, UGC ने कहा—यहां की डिग्री बेकार, एडमिशन से बचें
यूजीसी ने अलवर के राजीव गांधी IT & मैनेजमेंट कॉलेज को फर्जी घोषित किया है। यहां से मिली डिग्री उच्च शिक्षा और सरकारी नौकरी के लिए अमान्य होगी।
अलवर। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) ने राजस्थान के अलवर जिले के भिवाड़ी स्थित राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट को फर्जी (Fake) घोषित कर दिया है। यूजीसी ने अपने आधिकारिक नोटिस में छात्रों और अभिभावकों को सख्त चेतावनी दी है कि इस संस्थान में एडमिशन लेना उनके भविष्य के साथ बड़ा जोखिम हो सकता है।
डिग्री की कोई कानूनी मान्यता नहीं
यूजीसी सचिव प्रो. मनिष आर. जोशी द्वारा जारी पत्र के अनुसार, यह संस्थान यूजीसी अधिनियम 1956 के तहत मान्यता प्राप्त नहीं है। स्पष्ट किया गया है कि यह न तो स्नातक (UG) और न ही स्नातकोत्तर (PG) डिग्री देने के लिए अधिकृत है। यहां से प्राप्त डिग्री न तो उच्च शिक्षा में मान्य होगी और न ही सरकारी नौकरी में स्वीकार की जाएगी।
अवैध रूप से बांटी जा रही थीं डिग्रियां
यूजीसी के मुताबिक, यह संस्थान नियमों की अनदेखी कर अवैध रूप से डिग्रियां दे रहा था। अब इसे आयोग की ‘फेक यूनिवर्सिटी’ सूची में शामिल कर दिया गया है।