70 लाख के लालच में सेठ की हत्या! मुनीम ने रची खौफनाक साजिश, मुख्य आरोपी MP से गिरफ्तार
भीलवाड़ा के बागोर में 78 वर्षीय साहूकार शोभालाल जैन की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी मुनीम रोशन गुर्जर को मध्य प्रदेश के सागर से गिरफ्तार किया है।
बागोर थाना क्षेत्र के बहुचर्चित साहूकार शोभालाल जैन हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बुधवार सुबह पुलिस ने मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी 36 वर्षीय रोशन गुर्जर को मध्य प्रदेश के सागर जिले से गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी के दोस्त और हत्या में सहयोगी बताए जा रहे नारायण लाल सरगरा को 1 अगस्त को ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने कथित तौर पर 70 लाख रुपये और करोड़ों की संपत्ति हड़पने की नीयत से 78 वर्षीय शोभालाल जैन की हत्या की साजिश रची थी।
कार में मुंह दबाकर की हत्या
बागोर थाना प्रभारी बच्छराज चौधरी के अनुसार, बावलास गांव से 78 वर्षीय साहूकार शोभालाल जैन के लापता होने की सूचना मिली थी। जांच में सामने आया कि उनकी हत्या 26 जुलाई को की गई थी।