शादी का सपना टूटा: 13 दिन में दुल्हन ने लूटा विश्वास और गहने
नई दुल्हन शादी के 13 दिन बाद गहने और नकदी लेकर फरार हो गई, झूठे केस की धमकी देकर और पैसे मांगे। पीड़ित दूल्हे ने FIR दर्ज कराई, पुलिस जांच कर रही है।
राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नई-नवेली दुल्हन ने शादी के महज 13 दिन बाद अपने पति को धोखा देकर लाखों रुपये के गहने और नकदी लेकर फरार हो गई। इतना ही नहीं, उसने झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर और पैसे की मांग भी की। पीड़ित दूल्हे ने कोटखावदा थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई है, और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
कोटखावदा थाने के SHO भरत लाल ने बताया कि कोटखावदा निवासी 42 वर्षीय एक व्यक्ति ने इस मामले में FIR दर्ज कराई है। कुछ समय पहले पीड़ित की मुलाकात उनके परिचित रामजीलाल से हुई। रामजीलाल ने पीड़ित को दिल्ली में रहने वाली जाट समाज की एक लड़की प्रीति (बदला हुआ नाम) के बारे में बताया। उसने दावा किया कि लड़की के माता-पिता गरीब हैं और उनकी मदद के लिए शादी करवाने की जरूरत है। इसके एवज में पीड़ित से 3.60 लाख रुपये नकद लेने की बात तय हुई।
रामजीलाल दो महिलाओं के साथ प्रीति को पीड़ित के घर लेकर आया और लड़की को दिखाया। लड़की पसंद आने पर शादी की तारीख तय की गई, और पीड़ित ने 3.60 लाख रुपये का भुगतान कर दिया। 5 जुलाई को सहमति विवाह पत्र के साथ चुनिंदा रिश्तेदारों और परिचितों की मौजूदगी में वरमाला के साथ शादी संपन्न हुई।