39 सेकेंड में आए दो शक्तिशाली भूकंपों से दहला वेनेजुएला, 164 मौतें... 126 साल की सबसे बड़ी तबाही
दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में 39 सेकेंड के भीतर 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंप आने से भारी तबाही मच गई।
दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में 39 सेकेंड के भीतर आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचा दी है। बुधवार शाम स्थानीय समयानुसार 6:04 बजे 7.2 तीव्रता और 6:05 बजे 7.5 तीव्रता का दूसरा झटका महसूस किया गया। दोनों भूकंपों के बाद पूरे देश में अफरा-तफरी मच गई और कई शहरों में इमारतें ढह गईं।
न्यूज एजेंसी एपी के अनुसार, इस आपदा में अब तक 164 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 971 लोग घायल हुए हैं। भूकंप के बाद 20 से अधिक आफ्टरशॉक भी दर्ज किए गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कई इलाकों में करीब एक मिनट तक धरती कांपती रही।
भूकंप का केंद्र राजधानी कराकस से लगभग 290 किलोमीटर पश्चिम में था, लेकिन इसका असर देश के कई बड़े शहरों तक महसूस किया गया। कराकस एयरपोर्ट की छत का हिस्सा गिर गया, जबकि ला गुआइरा समेत कई इलाकों में बहुमंजिला इमारतें ढह गईं। राहत और बचाव दल लगातार मलबे में फंसे लोगों को निकालने में जुटे हैं।