आलिया भट्ट से 77 लाख की ठगी, पूर्व मैनेजर ने किया धोखा, बेंगलुरु में गिरफ्तार
आलिया भट्ट की पूर्व मैनेजर वेदिका प्रकाश शेट्टी को उनके प्रोडक्शन हाउस और निजी खातों से 77 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में बेंगलुरु से गिरफ्तार किया गया। सोनी राजदान की शिकायत पर जुहू पुलिस ने मामला दर्ज कर वेदिका को कोर्ट में पेश किया, जहां उसे पुलिस हिरासत में भेजा गया।
बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट की पूर्व पर्सनल असिस्टेंट वेदिका प्रकाश शेट्टी को मुंबई की जुहू पुलिस ने 76.9 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह मामला आलिया भट्ट के प्रोडक्शन हाउस 'इटरनल सनशाइन प्रोडक्शंस प्राइवेट लिमिटेड' और उनके निजी खातों से जुड़ा है।
आलिया भट्ट की मां और जानी-मानी अभिनेत्री-निर्देशक सोनी राजदान ने जनवरी 2025 में जुहू पुलिस स्टेशन में वेदिका के खिलाफ शिकायत दर्ज की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि वेदिका ने मई 2022 से अगस्त 2024 के बीच आलिया के फर्जी हस्ताक्षर का उपयोग कर 76.9 लाख रुपये की हेराफेरी की। पुलिस के अनुसार, वेदिका ने प्रोफेशनल टूल्स का उपयोग करके फर्जी बिल तैयार किए और आलिया से इन पर हस्ताक्षर करवाए। इसके बाद, राशि को एक सहयोगी के खाते में ट्रांसफर किया गया, जिसके जरिए पैसे वेदिका तक पहुंचाए गए।
शिकायत दर्ज होने के बाद वेदिका फरार हो गई थी और उसने राजस्थान, कर्नाटक, पुणे और अन्य स्थानों पर अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश की। लगभग पांच महीने की तलाश के बाद, जुहू पुलिस ने उसे बेंगलुरु में गिरफ्तार किया। वेदिका को 8 जुलाई 2025 को मुंबई लाया गया और 9 जुलाई को बांद्रा मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसे 10 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।