बाड़मेर में धार्मिक स्थल और कच्चे मकानों में तोड़फोड़, देर रात JCB से किया गया नुकसान; दो ट्रैक्टर जब्त, आरोपी फरार
बाड़मेर के धनाऊ थाना क्षेत्र में देर रात जेसीबी मशीनों से धार्मिक स्थल और कच्चे मकानों में तोड़फोड़ की घटना सामने आई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में कर लिया। दो ट्रैक्टर जब्त किए गए हैं और आरोपियों की तलाश जारी है। सुबह लोगों ने विरोध प्रदर्शन कर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
राजस्थान के बाड़मेर जिले के धनाऊ थाना क्षेत्र में देर रात हुई तोड़फोड़ की घटना ने इलाके में तनाव पैदा कर दिया। अज्ञात लोगों ने धार्मिक स्थल और उसके आसपास बने कच्चे मकानों को निशाना बनाते हुए भारी नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने विरोध जताया, हालांकि पुलिस और प्रशासन की सक्रियता से हालात फिलहाल नियंत्रण में हैं।
रात 2 बजे JCB से की गई तोड़फोड़
डीएसपी जेठाराम जयपाल के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 2 बजे कुछ असामाजिक तत्व JCB मशीनों के साथ मौके पर पहुंचे और धार्मिक स्थल सहित आसपास के कच्चे घरों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। सूचना मिलते ही धनाऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।