ज्योतिषी का काला कारनामा: तलाक करवाया, शारीरिक शोषण किया, शादी रचाई, अब फंस गया मामला
ज्योतिषी सुभाशीष मुखर्जी ने भविष्यवाणी के बहाने एक महिला का तलाक करवाया, शारीरिक शोषण किया, जबरन शादी की, और दहेज मांगकर ब्लैकमेल करने के बाद फरार हो गया। पीड़िता ने चिनहट थाने में मुकदमा दर्ज कराया।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक ज्योतिषी ने भविष्यवाणी के नाम पर एक महिला को अपने जाल में फंसाया। महिला ने ज्योतिषी सुभाशीष मुखर्जी उर्फ दादा एस्ट्रोलॉजर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि ज्योतिषी ने न केवल उसका तलाक करवाया, बल्कि नशीला पदार्थ खिलाकर उसका शारीरिक शोषण किया, जबरन शादी की और फिर ब्लैकमेलिंग, दहेज की मांग और प्रताड़ना के बाद फरार हो गया। इस मामले ने शहर में हड़कंप मचा दिया है, और पीड़िता ने चिनहट थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
भविष्यवाणी का डर दिखाकर शुरू हुआ खेल
सुरेंद्रनगर, चिनहट की रहने वाली पीड़िता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि नवंबर 2022 में उसकी मुलाकात मानस विहार निवासी सुभाशीष मुखर्जी से हुई थी। सुभाशीष, जो खुद को ‘दादा एस्ट्रोलॉजर’ के नाम से प्रचारित करता था, ने भविष्यवाणी के नाम पर पीड़िता को मानसिक रूप से प्रभावित किया। उसने भविष्य का डर दिखाकर पहले पीड़िता का अपने पति से तलाक करवाया। इसके बाद, जो भी रिश्ते उसके सामने आए, उन्हें गलत ठहराकर ठुकरवा दिया और दावा किया कि उसकी शादी 50 साल से अधिक उम्र के व्यक्ति से तय है।
नशीले पदार्थ के साथ शारीरिक शोषण
पीड़िता के मुताबिक, सुभाशीष ने एक दिन प्रसाद के रूप में लौंग-फूल में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे खिलाया, जिससे वह बेहोशी की हालत में पहुंच गई। इसका फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ शारीरिक शोषण किया। यही नहीं, 28 नवंबर 2022 को सुभाशीष ने उसे बहाने से अलीगंज स्थित आर्य समाज मंदिर ले जाकर जबरन शादी कर ली। इस शादी में पीड़िता का कोई परिजन मौजूद नहीं था, जिससे साफ होता है कि यह सब सुनियोजित साजिश थी।