बांसवाड़ा-दाहोद हाईवे पर भीषण हादसा: ट्रेलर की टक्कर से पिकअप ड्राइवर का हाथ कटा, आरोपी चालक फरार
राजस्थान के बांसवाड़ा-दाहोद हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रेलर ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका एक हाथ कटकर अलग हो गया।
राजस्थान के बांसवाड़ा-दाहोद हाईवे पर शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा लियो सर्कल और कुपड़ा ब्रिज के बीच हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रेलर ने पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक का एक हाथ बाजू से कटकर अलग हो गया।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक फरार
जानकारी के अनुसार, पलसाना (सीकर) निवासी हरिसिंह पुत्र जगदीश प्रसाद अपने एक साथी के साथ पिकअप में सफर कर रहे थे। इसी दौरान सामने से आए तेज रफ्तार ट्रेलर ने पिकअप को टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके पर रुके बिना वाहन लेकर फरार हो गया, जिससे घायल चालक को समय पर सहायता मिलने में भी परेशानी हुई।
रात 12 बजे पुलिस को मिली सूचना
सदर थाना एएसआई दशरथ सिंह ने बताया कि पुलिस को रात करीब 12 बजे दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में मिला। हादसे में चालक का एक हाथ पूरी तरह कट गया था और वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला।