लड़की से मिलने पहुंचे युवक की हत्या के बाद दो गांवों में हिंसा: आगजनी, पथराव और पुलिस पर हमला
बांसवाड़ा जिले में एक युवक की हत्या के बाद दो गांवों टामटिया और बस्सी आड़ा में हिंसा भड़क गई। युवक लड़की से मिलने गया था, जहां उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच हमला, आगजनी और पथराव हुआ। 10 से ज्यादा घर और वाहन जला दिए गए, कई लोग घायल हुए। पुलिस पर भी हमला किया गया, हालांकि बाद में अतिरिक्त बल तैनात कर हालात पर काबू पाया गया।
राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में रविवार रात एक युवक की हत्या के बाद दो गांवों में हिंसा भड़क उठी। टामटिया और बस्सी आड़ा गांव में हुए इस विवाद ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया, जिसमें आगजनी, पथराव और मारपीट की घटनाएं सामने आईं। हालात इतने बिगड़ गए कि मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी ग्रामीणों ने हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार, बस्सी आड़ा गांव का एक युवक रविवार रात करीब 8 बजे अपने दोस्तों के साथ टामटिया गांव गया था। बताया जा रहा है कि वह एक लड़की से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान लड़की के परिवार और गांव के कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया। पहले युवक के साथ मारपीट की गई और बाद में कुल्हाड़ी से उसकी हत्या कर दी गई।