जयपुर पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट: हादसे वाले दिन दिल्ली से पहुंची थी बारूद की खेप, सप्लाई नेटवर्क की जांच तेज
जयपुर के खोह नागोरियान क्षेत्र में 9 जून को हुए भीषण पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में नया खुलासा हुआ है।
राजधानी जयपुर के खोह नागोरियान इलाके में 9 जून को हुए भीषण अग्निकांड और विस्फोट मामले में जांच के दौरान अहम तथ्य सामने आए हैं। पुलिस और जांच एजेंसियों को जानकारी मिली है कि हादसे वाली सुबह दिल्ली से बारूद और पटाखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की बड़ी खेप जयपुर पहुंची थी।
सूत्रों के अनुसार यह सामान चार बंद लोडिंग टेम्पो में भरकर लाया गया था और हाल ही में पकड़ी गई चार अवैध पटाखा फैक्ट्रियों में उतारा गया था।
चार अवैध फैक्ट्रियों में उतारा गया बारूद
जांच में सामने आया है कि तलाई क्षेत्र, दाउद नगर की दो फैक्ट्रियों और आईशा नगर स्थित अवैध यूनिट में विस्फोटक सामग्री और पटाखे बनाने का सामान पहुंचाया गया था। बताया जा रहा है कि सबसे अधिक बारूद और सामग्री दाउद नगर की फैक्ट्रियों में उतारी गई थी।