खाटूश्यामजी हमला केस में बड़ी सफलता: 10-10 हजार के दो इनामी आरोपी गिरफ्तार, पुलिस गाड़ी से भागने के दौरान एक का पैर टूटा
सीकर के खाटूश्यामजी में गेस्ट हाउस कर्मचारी करण कुमावत पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने 10-10 हजार रुपए के दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। करीब तीन सप्ताह से फरार चल रहे आरोपियों को जयपुर और अजीतगढ़ क्षेत्र से पकड़ा गया। मौका तस्दीक के दौरान आरोपियों ने हाथ जोड़कर अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी भी मांगी।
खाटूश्यामजी हमला केस में पुलिस को बड़ी कामयाबी
सीकर। खाटूश्यामजी थाना पुलिस ने 26 मई की रात गेस्ट हाउस कर्मचारी करण कुमावत पर हुए जानलेवा हमले के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। करीब तीन सप्ताह से फरार चल रहे दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपियों पर पुलिस अधीक्षक की ओर से 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस ने एक आरोपी को जयपुर से और दूसरे को अजीतगढ़ क्षेत्र से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद शनिवार को आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर मौका तस्दीक की कार्रवाई भी करवाई गई।
पांच राज्यों के 22 जिलों में तलाश के बाद गिरफ्तारी
खाटूश्यामजी थाना प्रभारी पवन कुमार चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पांच राज्यों के 22 जिलों में आरोपियों की तलाश की।