अवैध पटाखा फैक्ट्रियों में नाबालिग भी करते मिले काम... जहां 8 लोग जिंदा जले
जयपुर के खोह नागोरियान इलाके में हुए भीषण अग्निकांड में 8 लोगों की मौत के बाद अवैध पटाखा फैक्ट्री नेटवर्क का बड़ा खुलासा हुआ है।
जयपुर खोह नागोरियान इलाके में 9 जून की सुबह हुए भीषण अग्निकांड में 8 लोगों की मौत के मामले में पुलिस जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। इस हादसे के बाद अब पूरे इलाके में अवैध पटाखा फैक्ट्रियों के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है।
शनिवार को इस मामले में तीन मुख्य आरोपियों फिरोज, वसीम और अकील की तस्वीरें भी सामने आई हैं। पुलिस के अनुसार फिरोज इस पूरे अवैध कारोबार का मुख्य साजिशकर्ता और फैक्ट्री संचालक है, जबकि वसीम और अकील भी इस नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। तीनों आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि वसीम और अकील इलाके में दो अन्य अवैध फैक्ट्रियां भी चला रहे थे, जहां बड़े पैमाने पर बारूद का भंडारण और पटाखों का निर्माण किया जा रहा था। इस पूरे नेटवर्क की जांच अब पुलिस और अन्य जांच एजेंसियां कर रही हैं।