लॉरेंस गैंग का ‘विभीषण’ गिरफ्तार, खाटूश्यामजी में कांग्रेस नेता की रेकी कर गैंगस्टर्स तक पहुंचाता था हर मूवमेंट की खबर
सीकर में पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा गैंग को स्थानीय व्यापारियों की जानकारी देने वाले एक गुर्गे को गिरफ्तार किया है। आरोपी व्यापारियों की लोकेशन और गतिविधियों की जानकारी गैंग तक पहुंचा रहा था।
राजस्थान के सीकर जिले में गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़ा एक बड़ा खुलासा सामने आया है। खाटूश्यामजी पुलिस और एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) की संयुक्त कार्रवाई में एक ऐसे स्थानीय आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जो कथित रूप से लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा गैंग को इलाके के व्यापारियों और नेताओं की गतिविधियों की जानकारी पहुंचा रहा था।
2 करोड़ की रंगदारी से शुरू हुई जांच
यह पूरा मामला खाटूश्यामजी सहकारी समिति के अध्यक्ष और कांग्रेस नेता श्याम सुंदर पूनिया को मिली धमकी से जुड़ा है। 26 सितंबर 2025 को उन्हें लॉरेंस गैंग के नाम पर वॉट्सऐप कॉल और मैसेज के जरिए 2 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। रकम न देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। इसके बाद 14 अक्टूबर को दोबारा धमकी भेजी गई।
पुलिस जांच में खुला अंदरूनी नेटवर्क
मामले की जांच में पुलिस को शक हुआ कि बिना किसी स्थानीय मदद के गैंगस्टर्स को इतनी सटीक जानकारी मिलना संभव नहीं है। इसी कड़ी में जांच तेज की गई और एक स्थानीय लिंक सामने आया।