सूर्यनगरी एक्सप्रेस में सीट को लेकर विवाद, तलवार से हमले की कोशिश यात्रियों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा..
सूर्यनगरी एक्सप्रेस (12480) के जनरल कोच में सीट को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। मारवाड़ जंक्शन पर रात करीब 2:30 बजे कुछ यात्रियों के बीच कहासुनी के बाद तलवार से हमला करने की कोशिश का आरोप लगा। यात्रियों ने समय रहते चेन खींचकर ट्रेन रुकवाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। मौके पर पहुंची जीआरपी टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
राजस्थान से गुजरने वाली सूर्यनगरी एक्सप्रेस (12480) के जनरल कोच में सीट को लेकर हुए विवाद ने देर रात उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब कुछ यात्रियों के बीच कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि घटना मारवाड़ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर रात करीब 2:30 बजे की है।
जानकारी के अनुसार ट्रेन के जनरल कोच में सीट को लेकर यात्रियों के दो पक्षों में विवाद शुरू हुआ। बहस बढ़ने के बाद एक पक्ष के कुछ लोगों पर आरोप है कि उन्होंने तलवार जैसी धारदार वस्तु निकाल ली और एक यात्री पर हमला करने की कोशिश की। कोच में मौजूद अन्य यात्रियों ने स्थिति बिगड़ती देख तुरंत सतर्कता दिखाई और ट्रेन की चेन खींचकर उसे रुकवा दिया।
यात्रियों के अचानक हस्तक्षेप और ट्रेन रुकने से बड़ी घटना टल गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। जीआरपी जवानों ने कोच में मौजूद यात्रियों से जानकारी ली और तलवार लाने वाले संदिग्ध लोगों से पूछताछ शुरू की।