जोधपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: हाईवे किनारे खड़े 3 चचेरे भाइयों को पिकअप ने कुचला, तीनों की मौत
जोधपुर के बालेसर में आगोलाई के पास जोधपुर-जैसलमेर नेशनल हाईवे-125 पर दर्दनाक सड़क हादसे में पिकअप ने बोलेरो को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे खड़े तीन चचेरे भाइयों को कुचल दिया।
राजस्थान के जोधपुर जिले के बालेसर क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन चचेरे भाइयों की मौत हो गई। हादसा जोधपुर-जैसलमेर नेशनल हाईवे-125 पर आगोलाई के पास कालका माता मंदिर के निकट हुआ, जहां तेज रफ्तार पिकअप ने सड़क किनारे खड़ी बोलेरो को टक्कर मारते हुए उसके पास खड़े तीन युवकों को कुचल दिया। हादसे में बोलेरो में सवार दो बच्चों को मामूली चोटें आई हैं।
पत्नी और बच्चों को लेने ससुराल गया था दयालनाथ
बालेसर थाना प्रभारी मूल सिंह भाटी ने बताया कि मृतकों की पहचान राजूनाथ (28), दयालनाथ (27) और प्रकाशनाथ (25) के रूप में हुई है। तीनों जोधपुर जिले के गंगाणा चोखा गांव के निवासी और आपस में चचेरे भाई थे।
परिजनों के अनुसार दयालनाथ अपनी पत्नी पप्पू देवी और पांच बच्चों को ससुराल टिबड़ी गांव से वापस लाने गया था। उसके साथ बड़ा भाई माणकनाथ, चचेरा भाई राजूनाथ और प्रकाशनाथ भी बोलेरो में सवार थे। वाहन में कुल 10 लोग मौजूद थे, जिनमें एक महिला और पांच बच्चे शामिल थे।