रात को चौक में सोया था युवक, सुबह भूसे के कमरे में मिली लाश... गले पर चोट के निशान, शव के साथ थाने पर 4 घंटे धरना
राजस्थान के दौसा जिले में मंडावर थाना क्षेत्र के पाखर चौडाकी गांव में 23 वर्षीय युवक वीर बहादुर का शव घर के भूसा रखने वाले कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला।
राजस्थान के दौसा जिले के मंडावर थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और संदिग्ध मामला सामने आया है। पाखर चौडाकी गांव में शुक्रवार सुबह एक 23 वर्षीय युवक का शव उसके ही घर के भूसा रखने वाले कमरे (कड़बी के गोदाम) में मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। युवक रात को घर के चौक में सोया था, लेकिन सुबह उसकी लाश संदिग्ध परिस्थितियों में भूसे के बीच दबी मिली। घटना से गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए शव को ट्रैक्टर-गाड़ियों में लादा और मंडावर थाने के बाहर पहुंचकर करीब 4 घंटे तक जोरदार प्रदर्शन किया।
चौक में सोया था बेटा, सुबह भूसे में लिपटा मिला शव
मृतक युवक के पिता पप्पू लाल मीणा ने बताया कि उनका 23 वर्षीय बेटा वीर बहादुर गुरुवार रात को रोजाना की तरह घर के चौक में चारपाई पर सोया था। शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे जब पिता की नींद खुली, तो वीर बहादुर अपनी चारपाई पर नहीं था। पिता ने सोचा कि वह आसपास कहीं गया होगा, लेकिन काफी देर तक जब वह नहीं लौटा तो घर में तलाश शुरू की गई। जब पिता मवेशियों का भूसा रखने वाले कमरे में गए, तो वहां भूसे के ढेर के बीच वीर बहादुर का शव पड़ा हुआ था। युवक के गले पर चोट और घसीटे जाने के गहरे निशान थे, जिससे साफ तौर पर हत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतक और उसका पिता दोनों ही मजदूरी का काम करते थे।
ट्रैक्टर में शव रखकर थाने पहुंचे ग्रामीण, 4 घंटे चला धरना
घटना की सूचना मिलते ही मंडावर थाना प्रभारी प्रवीन मीना पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस जब शव को पोस्टमार्टम के लिए मंडावर अस्पताल की मॉर्च्युरी ले जाने लगी, तो ग्रामीण और परिजन भड़क गए। ग्रामीणों ने पुलिस को शव सौंपने से इनकार कर दिया और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों व गाड़ियों में शव को लेकर सीधे मंडावर थाने के सामने पहुंच गए।