9 लाख का गांजा बाजरे की आड़ में छिपा, पुलिस ने मारा छापा
पुलिस ने बाजरे की आड़ में 64.3 किलो गांजे की खेती पकड़ी, जिसकी कीमत 9 लाख रुपये है। मामले की जांच जारी है।
राजस्थान के सीकर जिले में रानोली थाना पुलिस ने नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट के तहत एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने त्रिलोकपुरा गांव की गढ़वालों की ढाणी में संयुक्त खातेदारी की जमीन पर छापा मारकर 64.3 किलोग्राम गांजे के हरे पौधे जब्त किए हैं। इन पौधों को बाजरे की फसल की आड़ में चालाकी से उगाया जा रहा था, ताकि किसी को शक न हो। इस कार्रवाई से अवैध गांजा कारोबार को बड़ा झटका लगा है।
जयपुर रेंज IG के निर्देश पर चल रहा अभियान
रानोली पुलिस थाने में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीवाईएसपी कैलाश कंवर ने बताया कि जयपुर रेंज के आईजी राहुल प्रकाश के निर्देश पर 30 से 31 अगस्त तक 'एरिया डोमिनेशन अभियान' चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत रानोली थाने के SHO राजेश कुमार को सूचना मिली कि त्रिलोकपुरा गांव में गढ़वालों की ढाणी में एक खेत में बाजरे की फसल के बीच अवैध रूप से गांजे की खेती हो रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की और मौके पर पहुंचकर खेत की तलाशी ली। जांच में पाया गया कि विष्णु के सामलाती पुराना कुआं की सामलाती गुण में बड़ी मात्रा में गांजे के पौधे उगाए गए हैं। पुलिस ने कुल 64.3 किलोग्राम हरे गांजे के पौधे जब्त किए, जिनकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये है।