जयपुर में पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग, 3 की मौत की आशंका; 5 मजदूर गंभीर रूप से झुलसे
जयपुर के खोह नागोरियान क्षेत्र स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लगने से तीन लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि पांच मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। सभी घायलों को एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं तथा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
जयपुर। राजधानी जयपुर के खोह नागोरियान थाना क्षेत्र में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में मंगलवार को भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में तीन लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि प्रशासन की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। वहीं, पांच मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में अचानक आग लगने के बाद कुछ ही मिनटों में लपटों ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगते ही वहां काम कर रहे मजदूरों में भगदड़ मच गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए।
एसएमएस अस्पताल सूत्रों के मुताबिक भर्ती कराए गए अधिकांश घायल 80 से 90 प्रतिशत तक झुलस चुके हैं और उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। लगातार घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है, जिससे हादसे में प्रभावित लोगों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।