जयपुर हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा झपकी बनी मौत की वजह, MP के 5 श्रद्धालुओं की जान गई
जयपुर के चाकसू क्षेत्र में कोटा-जयपुर नेशनल हाईवे पर सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी 5 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ड्राइवर को झपकी आने से कार आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी। सभी लोग उज्जैन में महाकाल दर्शन के बाद खाटूश्यामजी जा रहे थे। टक्कर इतनी तेज थी कि चार लोगों की मौके पर और एक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
राजस्थान के जयपुर जिले के चाकसू क्षेत्र में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पांच परिवारों की खुशियां छीन लीं। कोटा-जयपुर नेशनल हाईवे (एनएच-52) पर तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रेलर से जा टकराई, जिसमें महिला सहित पांच लोगों की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण कार चालक को आई झपकी बताया जा रहा है।
सुबह तड़के हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार दुर्घटना शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे चाकसू थाना क्षेत्र के टिगरिया मोड़ के पास हुई। कार में सवार सभी लोग मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी थे और धार्मिक यात्रा पर निकले थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और कई शव गाड़ी में बुरी तरह फंस गए।