RPSC Paper लीक मामले में SOG की कार्रवाई के बाद बाबूलाल कटारा को जेल, कोर्ट ने कहा- बाबूलाल कटारा का जेल में ही होगा इलाज
जयपुर मेट्रोपोलिटन कोर्ट ने कृषि व्याख्याता भर्ती-2022 पेपर लीक मामले में RPSC के पूर्व सदस्य बाबूलाल कटारा को 30 मई तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। अदालत ने जेल प्रशासन को उचित मेडिकल सुविधा देने के निर्देश दिए हैं।
राजस्थान के बहुचर्चित कृषि व्याख्याता भर्ती परीक्षा-2022 पेपर लीक मामले में एक बार फिर बड़ा अपडेट सामने आया है। शनिवार को जयपुर मेट्रोपोलिटन कोर्ट-II में मामले की अहम सुनवाई हुई, जिसके बाद अदालत ने RPSC के पूर्व सदस्य और मुख्य आरोपी बाबूलाल कटारा को न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
कोर्ट ने बढ़ाई न्यायिक हिरासत
स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SOG) की रिमांड अवधि और पूछताछ पूरी होने के बाद आरोपी बाबूलाल कटारा को कोर्ट में पेश किया गया। सुनवाई के बाद अदालत ने उन्हें 30 मई तक के लिए न्यायिक हिरासत (JC) में जेल भेज दिया।
बचाव पक्ष की दलीलें
सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के वकील भानु प्रकाश शर्मा ने कोर्ट में दलील दी कि बाबूलाल कटारा मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं और उन्हें इलाज की आवश्यकता है।उन्होंने आरोप लगाया कि जांच एजेंसी SOG बार-बार नए मामलों में गिरफ्तारी कर उन्हें प्रताड़ित कर रही है, जिससे उनका स्वास्थ्य लगातार बिगड़ रहा है।