जानकारी के अनुसार मार्को रुबियो दोपहर करीब 2 बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से वे सीधे आमेर महल के लिए रवाना होंगे। उनका आमेर महल में भ्रमण कार्यक्रम तय किया गया है, जहां वे राजस्थान की ऐतिहासिक विरासत और स्थापत्य कला को करीब से देखेंगे। इसके अलावा उनके हाथी गांव, सिटी पैलेस और पुरानी चारदीवारी क्षेत्र के कुछ प्रमुख बाजारों का दौरा करने की भी संभावना जताई जा रही है।
विदेश मंत्री के स्वागत को लेकर पर्यटन विभाग ने विशेष तैयारियां की हैं। आमेर महल पहुंचने पर उनका पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में स्वागत किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार लोक कलाकार घूमर, कालबेलिया, कच्छी घोड़ी और रावण हत्था जैसी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। प्रशासन चाहता है कि जयपुर की समृद्ध संस्कृति और विरासत की झलक अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल को भव्य तरीके से दिखाई जाए।
सूत्रों के मुताबिक मार्को रुबियो आमेर महल में शीश महल, दीवाने आम और गणेश पोल सहित कई ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करेंगे। वे करीब एक से तीन घंटे तक आमेर महल परिसर में रुक सकते हैं। रविवार देर रात तक पुलिस, प्रशासन और पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था और प्रोटोकॉल की समीक्षा की। पूरे रूट पर फुल ड्रेस रिहर्सल भी किया गया।
आमेर महल पर्यटकों के लिए रहेगा बंद
रुबियो की यात्रा को देखते हुए जिला प्रशासन ने आमेर महल में पर्यटकों के प्रवेश पर अस्थायी रोक लगाने का फैसला किया है। पुरातत्व विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार सोमवार दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक आमेर महल आम पर्यटकों के लिए बंद रहेगा। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान किसी भी प्रकार की भीड़ और अव्यवस्था से बचने के लिए यह कदम उठाया गया है।
इस फैसले का असर देश-विदेश से आए पर्यटकों पर भी पड़ेगा। आमेर घूमने पहुंचे पर्यटकों को वैकल्पिक पर्यटन स्थलों की ओर जाने की सलाह दी गई है।
दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक कई रास्तों पर ट्रैफिक रहेगा प्रभावित
विदेश मंत्री के दौरे का सबसे बड़ा असर जयपुर की ट्रैफिक व्यवस्था पर देखने को मिलेगा। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार एयरपोर्ट से आमेर तक का पूरा वीवीआईपी रूट दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक अलग-अलग समय पर आम यातायात के लिए बंद किया जाएगा।
यह रूट एयरपोर्ट से ओटीएस चौराहा, जेडीए सर्किल, रामनिवास बाग, जवाहर लाल नेहरू मार्ग, न्यू गेट, चौड़ा रास्ता, त्रिपोलिया बाजार, हवामहल बाजार, सुभाष चौक और रामगढ़ मोड़ होते हुए आमेर तक जाएगा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इन मार्गों पर प्रतिदिन करीब 10 से 12 लाख वाहन गुजरते हैं। ऐसे में सोमवार को लोगों को भारी ट्रैफिक जाम और रूट डायवर्जन का सामना करना पड़ सकता है। खासतौर पर ऑफिस जाने वाले लोगों, स्कूल बसों और पर्यटकों को समय से पहले निकलने की सलाह दी गई है।
इन इलाकों में पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित
एयरपोर्ट से आमेर तक वीवीआईपी रूट पर सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। पुलिस ने साफ किया है कि सड़क किनारे खड़े वाहन तुरंत हटाए जाएंगे। हालांकि एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को छूट दी जाएगी।
ट्रैफिक पुलिस ने जारी किए वैकल्पिक मार्ग
यातायात पुलिस ने लोगों की सुविधा के लिए कई वैकल्पिक मार्ग भी तय किए हैं। जरूरत पड़ने पर वाहनों को टोंक रोड, झालाना बाईपास, जवाहर नगर बाईपास, जनपथ, पृथ्वीराज रोड, एमआई रोड, गोविंद मार्ग, एमडी रोड, किशनपोल बाजार, घाट बाजार, रामगंज बाजार और दिल्ली रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
इसके अलावा धीमी गति से चलने वाले वाहन, मिनी बस और हल्के भार वाहक वाहनों की आवाजाही पर भी कुछ समय के लिए रोक लगाई जा सकती है।
24 थाना क्षेत्रों में ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध
मार्को रुबियो की जयपुर यात्रा को लेकर सुरक्षा एजेंसियां किसी भी प्रकार का जोखिम नहीं लेना चाहतीं। इसी के तहत जयपुर पुलिस कमिश्नरेट ने शहर के 24 थाना क्षेत्रों में 25 और 26 मई को ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। एडिशनल पुलिस कमिश्नर योगेश दाधीच ने बीएनएसएस की धारा 163 के तहत आदेश जारी किए हैं।
पुलिस के अनुसार बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा एजेंसियां लगातार होटल, पर्यटन स्थलों और वीवीआईपी रूट की निगरानी कर रही हैं।
हेल्पलाइन नंबर भी किए जारी
ट्रैफिक अपडेट और रूट संबंधी जानकारी के लिए पुलिस प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
ट्रैफिक हेल्पलाइन : 1095, 2565630, 2561256
वॉट्सएप हेल्पडेस्क : 8764866972
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से वीवीआईपी रूट की ओर जाने से बचें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
मार्को रुबियो का यह दौरा जयपुर के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके दौरे से न केवल जयपुर की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान मिलेगी, बल्कि भारत-अमेरिका संबंधों को भी मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।