दिल्ली में राहुल गांधी के 'Missing' पोस्टर, बीजेपी ने विदेश दौरे को लेकर साधा निशाना; कांग्रेस की प्रतिक्रिया का इंतजार
दिल्ली के कई इलाकों में राहुल गांधी को 'Missing' बताने वाले पोस्टर लगाए गए हैं।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के कथित विदेश दौरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने एक बार फिर उन पर राजनीतिक हमला बोला है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में राहुल गांधी को 'Missing' (लापता) बताते हुए पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों के जरिए बीजेपी ने राहुल गांधी की विदेश यात्राओं और राजनीतिक सक्रियता को मुद्दा बनाते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा है।
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर राहुल गांधी को लेकर कई पोस्ट साझा किए। उन्होंने राहुल गांधी को 'गुमशुदा', 'राहुल बाबा' और 'Leader of Tourism' जैसे शब्दों से संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि जब भी संसद का सत्र, पार्टी की महत्वपूर्ण बैठकें या देश के अहम राजनीतिक अवसर आते हैं, राहुल गांधी विदेश दौरे पर चले जाते हैं।
मोदी और राहुल गांधी की कार्यशैली की तुलना
एक वीडियो संदेश में शहजाद पूनावाला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी की कार्यशैली की तुलना भी की। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में करीब 9,000 दिनों से लगातार सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहे हैं और उन्होंने एक दिन की भी छुट्टी नहीं ली। वहीं, उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अक्सर महत्वपूर्ण राजनीतिक मौकों पर विदेश में रहते हैं।