रात 1 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर मची अफरा-तफरी! स्विस फ्लाइट का इंजन फेल, रनवे पर रोकी गई उड़ान.
नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर टेकऑफ से पहले Swiss International Air Lines की फ्लाइट LX147 के इंजन में खराबी के बाद आग लग गई। पायलट ने तुरंत विमान रोककर बड़ा हादसा टाल दिया। विमान में 232 यात्री सवार थे, जिनमें 4 नवजात भी शामिल थे। घटना में 6 लोग घायल हुए, जबकि सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर जांच शुरू कर दी गई है।
नई दिल्ली: राजधानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर शनिवार देर रात एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। ज्यूरिख जा रही Swiss International Air Lines की फ्लाइट LX147 के टेकऑफ से ठीक पहले इंजन में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद उसमें आग लग गई। पायलट की सूझबूझ से विमान को तुरंत रनवे पर ही रोक लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
टेकऑफ से पहले हुआ इंजन फेल, तुरंत रोका गया विमान
जानकारी के अनुसार, यह घटना रात करीब 1:08 बजे की है। विमान रनवे पर टेकऑफ की प्रक्रिया में था, तभी अचानक एक इंजन ने काम करना बंद कर दिया और उसमें चिंगारी के साथ आग दिखाई दी। स्थिति को भांपते हुए पायलट ने तुरंत टेकऑफ रोकते हुए विमान को सुरक्षित रोक लिया।