राजस्थान में विधायक निधि से जुड़े कथित भ्रष्टाचार का सनसनीखेज खुलासा
राजस्थान में विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास निधि (MLA LAD) में कथित भ्रष्टाचार का बड़ा खुलासा हुआ है। स्टिंग ऑपरेशन में भाजपा विधायक रेवंतराम डांगा ने 40% कमीशन मांगा, कांग्रेस विधायक अनीता जाटव ने 50 हजार रुपये लेकर 80 लाख का अनुशंसा पत्र दिया, जबकि निर्दलीय विधायक ऋतु बनावत के पति ने 40 लाख की डील फाइनल की। तीनों विधायकों पर विकास कार्यों के बदले कमीशन लेने के गंभीर आरोप लगे हैं।
राजस्थान की राजनीति में बड़ा हड़कंप मच गया है। हाल ही में एक स्टिंग ऑपरेशन के जरिए तीन विधायकों पर गंभीर आरोप लगे हैं कि वे विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास निधि (MLA LAD) से विकास कार्यों की अनुशंसा करने के बदले कमीशन की मांग कर रहे थे। इन विधायकों में खींवसर से भाजपा के रेवंतराम डांगा, हिंडौन से कांग्रेस की अनीता जाटव और बयाना (भरतपुर) से निर्दलीय ऋतु बनावत शामिल हैं।इस खुलासे में दावा किया गया है कि विधायक बिना यह जांचे कि कार्य की वास्तविक जरूरत है या नहीं, सिर्फ कमीशन के आधार पर अनुशंसा पत्र जारी करने को तैयार हो गए। राजस्थान में हर विधायक को सालाना MLA LAD के तहत 5 करोड़ रुपये मिलते हैं, जिनका इस्तेमाल स्थानीय विकास कार्यों के लिए होता है।
