बदायूं में पानी की टंकी पर अचानक चढ़ गया सांड, फिर जो हुआ उसे देख कांप उठे ग्रामीण
उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में निर्माणाधीन पानी की टंकी पर चढ़े एक सांड ने घबराकर नीचे छलांग लगा दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और जल निगम की लापरवाही पर सवाल उठ रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक बेहद भावुक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां निर्माणाधीन पानी की टंकी पर एक सांड के चढ़ जाने से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण जब उसे बचाने पहुंचे तो घबराए सांड ने ऊंचाई से नीचे छलांग लगा दी। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
निर्माणाधीन टंकी पर पहुंचा सांड
घटना मूसाझाग थाना क्षेत्र के किसरुआ गांव की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, गांव में जल निगम की ओर से पानी की टंकी का निर्माण कार्य चल रहा था।स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे और सीढ़ियों का रास्ता खुला छोड़ दिया गया था। इसी दौरान एक सांड भटकते हुए टंकी की ऊंचाई तक पहुंच गया।
सांड को देखकर जुटी भीड़
टंकी के ऊपर सांड को देखकर गांव में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने किसी तरह सांड को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश शुरू की, लेकिन लोगों की भीड़ और हलचल देखकर वह बुरी तरह घबरा गया।