जयपुर CMO को बम से उड़ाने की धमकी: कंट्रोल रूम में आया फोन, 4.5 घंटे चला सर्च ऑपरेशन; संदिग्ध हिरासत में
जयपुर पुलिस कंट्रोल रूम में मंगलवार को मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) को बम से उड़ाने की धमकी भरा कॉल आया। डॉग स्क्वायड और ATS की 4.5 घंटे की सघन तलाशी में कुछ नहीं मिला। पुलिस ने आरोपी को ट्रेस कर हिरासत में लिया।
राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से मंगलवार को हड़कंप मच गया। जयपुर पुलिस कंट्रोल रूम में सुबह एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर सीएमओ में बम होने की सूचना दी, जिसके तुरंत बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं।
सुरक्षा एजेंसियों ने 4.5 घंटे खंगाली पूरी बिल्डिंग सूचना मिलते ही डीसीपी साउथ राजर्षि राज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एटीएस (ATS), एसडीआरएफ (SDRF) और डॉग स्क्वायड की टीमों ने सुबह करीब 10:30 बजे से मुख्यमंत्री कार्यालय परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। करीब साढ़े चार घंटे तक चले इस व्यापक सर्च ऑपरेशन के बाद सुरक्षा बलों को कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला, जिसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली।
तकनीकी जांच से पकड़ा गया संदिग्ध धमकी भरा कॉल आते ही पुलिस की साइबर और तकनीकी शाखा अलर्ट हो गई थी। विधायकपुरी थाना पुलिस ने कॉल डिटेल और लोकेशन ट्रेस कर धमकी देने वाले संदिग्ध व्यक्ति को चिन्हित कर हिरासत में ले लिया है। पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि कॉल के पीछे की मंशा का पता लगाया जा सके।