जैसलमेर की इंदिरा गांधी नहर में पहली बार दिखा घड़ियाल, वन विभाग अलर्ट... पंजाब से बहकर पहुंचने की आशंका
राजस्थान के जैसलमेर जिले में पहली बार इंदिरा गांधी नहर में करीब 5 फीट लंबा घड़ियाल दिखाई दिया है।
राजस्थान की स्वर्ण नगरी जैसलमेर में पहली बार इंदिरा गांधी नहर में घड़ियाल दिखाई देने से वन विभाग और स्थानीय ग्रामीणों में उत्सुकता के साथ सतर्कता भी बढ़ गई है। नाचना क्षेत्र के आवाय गांव के पास करीब 5 फीट लंबा घड़ियाल नहर में तैरता हुआ नजर आया, जिसका वीडियो ग्रामीणों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। रेगिस्तानी इलाके में घड़ियाल का दिखना जिले का पहला दर्ज मामला माना जा रहा है।
ग्रामीणों ने बनाया वीडियो
ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार शाम कुछ युवक इंदिरा गांधी नहर के किनारे से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर पानी में तैर रहे एक बड़े जलीय जीव पर पड़ी। पहले उन्हें समझ नहीं आया कि यह कौन-सा जीव है, लेकिन पास से देखने पर उन्होंने उसका वीडियो और तस्वीरें रिकॉर्ड कर लीं।
वीडियो सोशल मीडिया और गांव में वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में लोग नहर के किनारे पहुंचने लगे। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से यह घड़ियाल रोज शाम दिखाई दे रहा है और अब यह आवाय गांव से आगे बढ़कर पोकरण लिफ्ट क्षेत्र के आसपास भी नजर आया है।