झुंझुनूं के एयरफोर्स जवान का चेन्नई में निधन... ड्यूटी के दौरान नहाते समय डूबे, 2 महीने पहले ही आए थे गांव
राजस्थान के झुंझुनूं जिले के मंडावा क्षेत्र स्थित पीपल का बास गांव के 22 वर्षीय एयरफोर्स जवान आर्यन झाझड़िया का चेन्नई में ड्यूटी के दौरान दुखद निधन हो गया। मंगलवार को नहाते समय पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मंगलवार सुबह करीब 11 बजे परिवार को मिली, जिसके बाद पूरे गांव में मातम पसर गया।
नहाते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार आर्यन झाझड़िया चेन्नई स्थित एयरफोर्स स्टेशन पर तैनात थे। मंगलवार को ड्यूटी के दौरान नहाते समय वह पानी में डूब गए। उन्हें बचाने के प्रयास किए गए, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। इस हादसे से परिवार और गांव में गहरा शोक है।
दो महीने पहले ही छुट्टी पर आए थे गांव
परिजनों ने बताया कि आर्यन अविवाहित थे और उनके पिता किसान हैं। करीब दो महीने पहले वह छुट्टी पर अपने पैतृक गांव आए थे। परिवार के साथ समय बिताने के बाद वह वापस चेन्नई स्थित अपनी यूनिट में ड्यूटी पर लौट गए थे।