जयपुर में निर्माणाधीन रिसॉर्ट की दीवार ढही, तीन मजदूरों की मौत: 12 से ज्यादा घायल, रेस्क्यू में दर्दनाक दृश्य
जयपुर-दिल्ली हाईवे पर चंदवाजी क्षेत्र के अरावली पैलेस रिसॉर्ट में निर्माणाधीन दीवार गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में दो महिलाओं सहित तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक मजदूर घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब करीब 24 मजदूर सीवरेज गड्ढे का काम कर रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। एक मजदूर की बहन की जान बच गई लेकिन उसके भाई की मौत हो गई, जिससे परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जयपुर-दिल्ली हाईवे पर स्थित चंदवाजी थाना क्षेत्र के अरावली पैलेस रिसॉर्ट में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माणाधीन रिसॉर्ट की एक दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे वहां काम कर रहे कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए। इस हादसे में दो महिलाओं सहित तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
