जयपुर ट्रैफिक पुलिस का बड़ा अभियान: एक महीने में 82 हजार से ज्यादा चालान, 600 से अधिक मॉडिफाइड बंपर हटाए
जयपुर यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक महीने में 82 हजार से अधिक वाहनों पर कार्रवाई की है। ब्लैक फिल्म, मॉडिफाइड साइलेंसर, अवैध बंपर, शराब पीकर ड्राइविंग और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए हैं।
राजधानी जयपुर में सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने बड़ा अभियान छेड़ रखा है। 1 मई से शुरू हुए इस विशेष अभियान के तहत ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को कम करना और लोगों को सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक बनाना है।
डीसीपी ट्रैफिक योगेश गोयल के अनुसार, मोटर वाहन अधिनियम के तहत चलाए जा रहे इस अभियान में अब तक हजारों वाहन चालकों पर कार्रवाई की जा चुकी है। खासतौर पर मॉडिफाइड वाहन, ब्लैक फिल्म लगी कारें, शराब पीकर वाहन चलाने वाले और तेज रफ्तार से ड्राइविंग करने वाले पुलिस के निशाने पर रहे हैं।
एक महीने में 40 हजार से ज्यादा चालान
यातायात पुलिस के आंकड़ों के अनुसार 1 मई से अब तक कुल 40,718 वाहन चालकों के चालान किए गए हैं। वहीं विभिन्न ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के मामलों को मिलाकर कुल 82,412 वाहनों पर कार्रवाई की गई है।