नासिक में ड्यूटी के दौरान जवान बबलू चौधरी का निधन, 7 साल के बेटे ने दी मुखाग्नि... पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई
राजस्थान के डीग जिले के सिनसिनी गांव के 26 वर्षीय सेना के जवान बबलू चौधरी का महाराष्ट्र के नासिक में ड्यूटी के दौरान हृदय गति रुकने से निधन हो गया।
राजस्थान के डीग जिले के सिनसिनी गांव के 26 वर्षीय भारतीय सेना के जवान बबलू चौधरी का महाराष्ट्र के नासिक में ड्यूटी के दौरान निधन हो गया। मंगलवार को जब उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचा तो पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सेना ने उन्हें पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी और हजारों ग्रामीणों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
ड्यूटी के दौरान अचानक बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार बबलू चौधरी भारतीय सेना में नायक के पद पर नासिक में तैनात थे। 5 जुलाई को ड्यूटी के दौरान उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान हृदय गति रुक जाने से उनका निधन हो गया।
7 साल के बेटे और छोटे भाई ने दी मुखाग्नि
मंगलवार को पार्थिव शरीर गांव पहुंचने पर प्राथमिक विद्यालय परिसर में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे। अंतिम संस्कार के दौरान उनके 7 वर्षीय बेटे यश कुमार और छोटे भाई पंकज चौधरी ने मुखाग्नि दी। इस भावुक पल ने हर किसी की आंखें नम कर दीं।