Panchana Dam Water Release: 20 साल बाद खुले पांचना बांध के गेट, हजारों किसानों को मिली राहत; तकनीकी खराबी के बाद शुरू हुआ जल प्रवाह
राजस्थान के करौली जिले में 20 साल बाद पांचना बांध से पानी छोड़ा गया।
राजस्थान के करौली जिले में स्थित पांचना बांध से करीब 20 साल बाद पानी छोड़ा गया, जिससे हजारों किसानों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। राज्य सरकार की निगरानी में सोमवार को बांध के तीन गेट खोले गए और गंभीरी नदी, नहरों तथा गुड़ला-पांचना लिफ्ट सिंचाई योजना में जल प्रवाह शुरू किया गया। इसे करौली के किसानों के लिए ऐतिहासिक दिन माना जा रहा है।
जल संसाधन एवं सिंचाई मंत्री सुरेश रावत और गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म की मौजूदगी में जल प्रवाह का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पूरे घटनाक्रम की लगातार मॉनिटरिंग करते रहे।
तकनीकी खराबी बनी चुनौती
बांध से पानी छोड़ने के दौरान एक गेट की रॉड जाम हो गई, जिससे नहरों में पानी की आपूर्ति निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो सकी। सूचना मिलते ही जल संसाधन विभाग, एसडीआरएफ और विशेषज्ञ इंजीनियरों की टीम मौके पर पहुंची। पूरी रात चले मरम्मत अभियान के बाद मंगलवार तड़के करीब 4:50 बजे गेट सफलतापूर्वक खोल दिया गया और नहरों में पानी का प्रवाह शुरू हो गया।