PM मोदी के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण नहीं दिखाया, बूंदी में ग्राम विकास अधिकारी और कनिष्ठ सहायक सस्पेंड
राजस्थान के बूंदी जिले की बाछोला ग्राम पंचायत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पचपदरा रिफाइनरी उद्घाटन समारोह का लाइव प्रसारण नहीं कराने पर प्रशासन ने कार्यवाहक ग्राम विकास अधिकारी और कनिष्ठ सहायक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बालोतरा स्थित पचपदरा रिफाइनरी उद्घाटन समारोह के लाइव प्रसारण में लापरवाही बरतने पर बूंदी जिले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। नैनवा ब्लॉक की बाछोला ग्राम पंचायत में ग्रामीणों के लिए कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट नहीं कराने के मामले में कार्यवाहक ग्राम विकास अधिकारी (VDO) और एक कनिष्ठ सहायक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
ग्राम पंचायत में नहीं हुई लाइव टेलीकास्ट की व्यवस्था
राज्य सरकार की ओर से निर्देश दिए गए थे कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पचपदरा रिफाइनरी उद्घाटन समारोह का लाइव प्रसारण प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से दिखाया जाए, ताकि ग्रामीण भी इस कार्यक्रम से जुड़ सकें।
आरोप है कि बाछोला ग्राम पंचायत में इन निर्देशों का पालन नहीं किया गया, जिससे ग्रामीण कार्यक्रम का सामूहिक प्रसारण नहीं देख सके। मामले की जानकारी मिलने के बाद नैनवा के विकास अधिकारी (BDO) नरेंद्र सिंह झाला ने कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग निलंबन आदेश जारी किए।