ड्राई डे पर भी नहीं रुकी शराब बिक्री: राजस्थान में खुलेआम उड़ी सरकारी आदेशों की धज्जियां
राजसमंद में महावीर जयंती के ड्राई डे पर शराब की अवैध बिक्री का मामला सामने आया है. शटर के नीचे से बिक्री करते दुकानदारों का वीडियो वायरल हुआ, आबकारी विभाग और पुलिस पर मिलीभगत के आरोप लगे.
राजसमंद में महावीर जयंती के अवसर पर घोषित ड्राई डे के बावजूद शराब की खुलेआम बिक्री का मामला सामने आया है। महावीर जयंती के दिन राज्य सरकार ने शराब सहित सभी मादक पदार्थों की बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया था, लेकिन जमीनी स्तर पर नियमों की खुलेआम अनदेखी देखने को मिली।
आबकारी विभाग ने आदेश जारी कर सभी शराब ठेकों को बंद रखने और सील करने के निर्देश दिए थे। इसके तहत दुकानों पर सील भी लगाई गई, लेकिन इसके बावजूद कई स्थानों पर शराब की बिक्री जारी रही।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि दुकानदारों ने शटर को पूरी तरह बंद करने के बजाय थोड़ा खुला रखकर अंदर से शराब बेचना जारी रखा। कुछ जगहों पर सेल्समैन अंदर बैठकर ग्राहकों को चोरी-छिपे शराब देते नजर आए। इस पूरे मामले का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।