RCA चुनाव: सरकार ने बढ़ाया भरोसा, दीनदयाल कुमावत फिर बने एडहॉक कमेटी के कन्वीनर
राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव कराने में विफल एडहॉक कमेटी को सरकार ने फिर मौका दिया है। दीनदयाल कुमावत को कन्वीनर बनाया गया, जिन्हें 27 दिसंबर तक चुनाव कराने हैं। जयपुर में RCA का ग्राउंड जल्द तैयार होगा।
राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) के चुनाव कराने में बार-बार असफल रही एडहॉक कमेटी को राजस्थान सरकार ने एक और मौका दिया है। सहकारिता विभाग ने शुक्रवार देर रात आदेश जारी कर सवाई माधोपुर जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष दीनदयाल कुमावत को पुनः कमेटी का कन्वीनर नियुक्त किया है। उनके साथ मोहित यादव, आशीष तिवाड़ी, धनंजय सिंह खींवसर और पिंकेश पोरवाल को भी कमेटी के सदस्य के रूप में दोबारा शामिल किया गया है। इस कमेटी को अब 27 दिसंबर 2025 तक RCA कार्यकारिणी के चुनाव कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
क्रिकेट विकास को मिलेगा बढ़ावा: कुमावत
दीनदयाल कुमावत ने कन्वीनर के रूप में दोबारा नियुक्ति पर सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "हमारा लक्ष्य राजस्थान में क्रिकेट के विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाना है। प्रत्येक जिले में क्रिकेट ग्राउंड विकसित करने की योजना पर तेजी से काम चल रहा है। इसके अलावा, जयपुर में RCA का अपना ग्राउंड अगले कुछ महीनों में बनकर तैयार हो जाएगा, जहां डोमेस्टिक क्रिकेट गतिविधियां शुरू की जाएंगी।" कुमावत ने भरोसा जताया कि इस बार कमेटी निर्धारित समय में चुनाव कराने में सफल होगी।
बार-बार क्यों टल रहे हैं RCA चुनाव?
राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की कार्यकारिणी को भंग करने के बाद 28 मार्च 2024 को सरकार ने पहली एडहॉक कमेटी का गठन किया था। तब से लेकर अब तक पांच अलग-अलग कमेटियां बनाई गईं, लेकिन कोई भी चुनाव कराने में सफल नहीं हुई। पहले बीजेपी विधायक जयदीप बिहाणी के नेतृत्व में कमेटी गठित की गई थी, जो अपनी समय सीमा में नाकाम रही। जून 2025 में दीनदयाल कुमावत को कमान सौंपी गई, लेकिन वे भी तीन महीने के कार्यकाल में चुनाव नहीं करा पाए।