“रिश्तों का खून फसल के हिस्से के विवाद में भाई बना बहन का कातिल”
श्रीगंगानगर के अनूपगढ़ क्षेत्र में जमीन और फसल के हिस्से को लेकर चल रहे विवाद ने खूनी रूप ले लिया। एक भाई ने समझौते के बहाने घर बुलाकर अपनी बड़ी बहन की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके पर ही शव के पास बैठा रहा। मृतका के लिव-इन पार्टनर की सूचना पर पुलिस पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी।
राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ क्षेत्र में रिश्तों को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जमीन और फसल के हिस्से को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद ने इतना खतरनाक रूप ले लिया कि एक भाई ने अपनी ही बड़ी बहन की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने कुल्हाड़ी से सिर पर वार कर वारदात को अंजाम दिया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
समझौते के बहाने बुलाया, फिर किया हमला
जानकारी के अनुसार, भाई-बहन के बीच लंबे समय से जमीन के बंटवारे और फसल के हिस्से को लेकर विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन आरोपी ने बहन को बातचीत और समझौते के लिए अपने घर बुलाया था। लेकिन बातचीत के दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जो धीरे-धीरे हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में आकर आरोपी ने कुल्हाड़ी उठाई और बहन के सिर पर वार कर दिया।